नई दिल्ली, नेमिष हेमंत। मकर संक्रांति से शुरू हो रहे विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण महाभियान का प्रबंधन “धनुष’ ऐप करेगा। इसमें एक-एक रसीद के बारे में रियल टाइम जानकारी होगी। यह ऐप इस अभियान के मद्देनजर विहिप ने विशेष रूप से तैयार कराया है। इसके जरिये राष्ट्रीय राजधानी में बनाए गए विशेष राष्ट्रीय निगरानी केंद्र को देशभर से नियमित जानकारियां प्राप्त होंगी। इसमें इस अभियान में लगी टोलियों के साथ ही संग्रह की गई धनराशि व अन्य जानकारियां होंगी। अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण को लेकर मकर संक्रांति से धन संग्रह का महाभियान शुरू होने जा रहा है। कुल 45 दिनों का यह अभियान माघ पूर्णिमा (27 फरवरी) तक चलेगा। इसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व विपक्ष के नेताओं के साथ ही मजदूर व किसानों से भी समर्पण निधि ली जाएगी। हर रामभक्त से सहयोग राशि ली जाएगी।